एसटी में एआई तकनीक, छत्रपति संभाजीनगर को मिली स्मार्ट बसें
छत्रपति संभाजीनगर
महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) की बस सेवाएं अब हाईटेक होने जा रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसटी के बेड़े में एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) तकनीक से लैस स्मार्ट बसें, वॉल्वो श्रेणी की स्लीपर (शयनयान) और इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रहीं हैं। मार्च 2026 से इन बसों को चरणबद्ध तरीके से छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन में शामिल किया जाएगा।
सड़कों पर उतरेंगी 1,000 नई बसें
सूत्रों के अनुसार, राज्य परिवहन महामंडल द्वारा पूरे महाराष्ट्र में करीब 1,000 नई बसें सड़कों पर उतारने की तैयारी की जा रही है। एसटी को शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों की जीवनरेखा माना जाता है। रोजाना लाखों यात्री एसटी बसों से सफर करते हैं। ऐसे में नई तकनीक और आधुनिक सुविधाओं वाली बसों से सेवा स्तर में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।

नींद आई तो एआई करेगा अलर्ट
इन नई बसों की खासियत एआई आधारित ड्राइवर अलर्ट सिस्टम होगी। यदि चालक को ड्राइविंग के दौरान झपकी आती है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट देकर उसे सतर्क करेगा। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी।
स्लीपर और सीटिंग दोनों सुविधाएं
एसटी बेड़े में वॉल्वो श्रेणी की आरामदायक स्लीपर और आधुनिक सीटिंग बसें भी शामिल होंगी। लंबी दूरी की यात्राओं में इससे यात्रियों को होटल जैसी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
7 स्लीपर, 219 इलेक्ट्रिक बसों की मांग
राज्य परिवहन निगम के विभाग नियंत्रक प्रमोद नेहुल ने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर डिपो के लिए 7 अत्याधुनिक स्लीपर बसों की मांग भेजी गई है। वर्तमान में डिपो में 120 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध हैं, जबकि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 219 इलेक्ट्रिक बसों की आवश्यकता जताई गई है।उन्होंने कहा कि सरकार से लगातार पत्राचार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल सफर मिल सके।
