हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी, टल गया बड़ा हादसा
छत्रपति संभाजीनगर
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर वीआईपी सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया है। राज्य की पर्यावरण मंत्री और भाजपा की कद्दावर नेता पंकजा मुंडे एक बड़े हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई हैं। मंगलवार को जब वे छत्रपति संभाजीनगर से लातूर के लिए उड़ान भरने वाली थीं, तभी ऐन वक्त पर हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट की सूझबूझ के कारण उड़ान भरने से पहले ही इंजन की समस्या को पकड़ लिया गया, जिससे एक संभावित अनहोनी टल गई। इस घटना के बाद पंकजा मुंडे के लातूर दौरे के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव करना पड़ा है।
चुनाव प्रचार के लिए दौरे पर हैं
जानकारी के मुताबिक, पंकजा मुंडे इन दिनों जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए राज्यव्यापी दौरे पर हैं। मंगलवार को उनकी लातूर में कई चुनावी सभाएं निर्धारित थीं। सुबह जब वे संभाजीनगर हवाई अड्डे पर पहुंचीं और टेक-ऑफ की तैयारी चल रही थी, तभी पायलट को कुछ तकनीकी खामियों का अहसास हुआ। सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल उड़ान को रद्द कर दिया गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेलीकॉप्टर के तकनीकी सिस्टम में असल में क्या खराबी आई थी, लेकिन विभाग ने इसकी गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।
