रऊफ खान, छत्रपति संभाजीनगर.
शहर के अंजलि सिनेमाघर में बुधवार शाम फिल्म ‘धुरंदर-2’ के प्रीमियर शो के रद्द होने से जमकर हंगामा हो गया।जानकारी के अनुसार, शाम 5 बजे का शो हाउसफुल था और बड़ी संख्या में दर्शक “पहला दिन, पहला शो” देखने पहुंचे थे। हालांकि निर्धारित समय के बाद भी जब फिल्म शुरू नहीं हुई और एक घंटे तक देरी होती रही, तो दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज़ लोगों ने टिकट काउंटर को घेर लिया और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।सिनेमाघर प्रबंधन ने दर्शकों को आश्वासन दिया कि सभी टिकटों का पैसा 24 घंटे के भीतर ऑनलाइन वापस कर दिया जाएगा। इसके बाद मामला शांत हुआ।

तकनीकी कारण बना वजह
सिनेमाघर कर्मचारियों के मुताबिक, तकनीकी समस्या के कारण शो रद्द करना पड़ा। फिल्म का सेकंड हाफ तो पहुंच गया था, लेकिन फर्स्ट हाफ की रील समय पर नहीं आ सकी, जिसके चलते प्रदर्शन संभव नहीं हो पाया। इस घटना से दर्शकों में निराशा देखी गई, खासकर उन लोगों में जो लंबे समय से फिल्म के प्रीमियर का इंतजार कर रहे थे।


