नया ठगी पैटर्न : महंगे बार में बुलाकर बनाया मोटा बिल, युवती फरार
ऑनलाइन दोस्ती अब सिर्फ दिल का नहीं, जेब का भी मामला बन चुकी है। एक ‘रोमांटिक डेट’ का सपना, पलक झपकते ही आर्थिक झटका बन सकता है। सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।
संवाददाता | भोपाल
ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स पर ‘परफेक्ट मैच’ की तलाश अब जेब पर भारी पड़ सकती है। भोपाल में ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका सामने आया है, जिसे ‘ड्रंकन गर्ल स्कैम’ या ‘बिल स्कैम’ कहा जा रहा है। इस ठगी में युवतियां डेटिंग ऐप पर युवकों से दोस्ती कर उन्हें महंगे कैफे या बार में बुलाती हैं और फिर भारी-भरकम बिल थमवाकर गायब हो जाती हैं।
क्या है मामला
ताज़ा मामले में भोपाल का एक युवक इस जाल का शिकार बना। जानकारी के अनुसार, युवक की मुलाकात डेटिंग ऐप पर ‘कविता’ नाम से प्रोफाइल चलाने वाली युवती से हुई। चैट के तुरंत बाद युवती ने मिलने की ज़िद की और युवक को शहर के एक खास बार में बुलाया। मुलाकात के दौरान युवती ने लगातार महंगे ड्रिंक्स और खाने के आइटम ऑर्डर किए, जिससे युवक को लगा कि यह एक सामान्य डेट है। कुछ ही देर में बिल बढ़कर ₹32,888 तक पहुंच गया। बिल आने से पहले ही युवती वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर वहां से फरार हो गई। अकेले बचे युवक को जब बार स्टाफ ने बिल चुकाने के लिए कहा, तो उसके पास इतनी रकम नहीं थी। आरोप है कि इसके बाद स्टाफ ने युवक पर दबाव बनाकर उसकी कीमती बाइक जब्त कर ली, ताकि बिल की भरपाई सुनिश्चित की जा सके। यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की ठगी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित गिरोह की ओर इशारा करता है, जहां बार और फर्जी प्रोफाइल मिलकर लोगों को निशाना बना सकते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ऐसे मामलों में अक्सर युवतियां फर्जी नाम और तस्वीरों से प्रोफाइल बनाती हैं और खास ठिकानों पर ही मिलने का दबाव डालती हैं।

कैसे काम करता है स्कैम
ऐप पर जल्दी मैच और तुरंत मिलने का दबाव.
मिलने के लिए महंगे और तयशुदा बार/कैफे का चुनाव.
लगातार महंगे ऑर्डर.
बिल आने से पहले युवती गायब.
पीड़ित पर पूरा भुगतान करने का दबाव.
बचने के लिए क्या करें?
पहली मुलाकात हमेशा पब्लिक और सामान्य जगह पर रखें.
सामने वाला व्यक्ति महंगे स्थान पर ज़ोर दे तो सतर्क रहें.
ऑर्डर पर नज़र रखें, जरूरत हो तो अलग-अलग बिल क्लियर करें.
शक होने पर तुरंत 112 या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें.

